नाली विवाद में युवक पर लाठी-फावड़े से हमला, चार पर आरोप।

सिर और चेहरे पर आईं गंभीर चोटें, पुलिस ने जांच शुरू की।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। महराजगंज थाना क्षेत्र के रतनपुर मजरे थुलवासा गांव में नाली को लेकर हुए विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि नाली खोदने का विरोध करने पर गांव के चार लोगों ने एक युवक पर लाठी और फावड़े से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी राममिलन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार सुबह गांव के दयाराम, आशाराम, सचिन और विपिन जबरन नाली की खुदाई कर रहे थे। विरोध करने पर चारों आरोपी आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी व फावड़े से हमला कर दिया। हमले में राममिलन के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। परिजनों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts