रिपोर्ट कृष्ण गोपाल सोनी जैदपुर
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जैदपुर / बाराबंकी। बारिश के मौसम में संक्रामक एवं मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से आदर्श नगर पंचायत जैदपुर ने क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण अभियान चलाया। नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी के निर्देशन में कस्बे के सभी 17 वार्डों में नालियों तथा संवेदनशील स्थानों पर एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव कराया गया जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों के खतरे को कम किया जा सके।
अभियान के तहत अधिक जलभराव वाले क्षेत्रों और अन्य प्रभावित स्थानों पर एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव कराया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा जलभराव न होने देने के प्रति भी जागरूक किया गया।
सभासद ताहिर अंसारी ने बताया कि बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में वार्डवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरे वार्ड को संक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा संचालित यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि सभी वार्डों के नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो और वे सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकें।
नगर पंचायत प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें पानी का अनावश्यक जमाव न होने दें तथा संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए प्रशासन का सहयोग करें।
