जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली (सताव)। क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान किसानों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आ गया। ग्राम प्रधान पप्पू अमरिया के नेतृत्व में दर्जनों किसान अटौरा पावर हाउस पहुंच गए और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए।
धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। पर्याप्त बिजली न मिलने से धान की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग केअधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
धरने की सूचना पर बिजली विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीओ अटौरा बुज़ुर्ग ने किसानों को बताया कि समस्या तकनीकी कारणों से उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि बारिश न होने के कारण क्षेत्र में बिजली की मांग बढ़ गई है, जिससे ओवरलोड की स्थिति बनी हुई है। विभाग की तकनीकी टीम लगातार समस्या के समाधान में जुटी है और जल्द ही बिजली व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
हालांकि किसानों ने विभाग के आश्वासन से संतुष्ट न होते हुए स्पष्ट कहा कि जब तक क्षेत्र में पर्याप्त वोल्टेज के साथ नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और बिजली विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बिजली संकट का समाधान ही उनकी प्राथमिक मांग है।
