जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महाराजगंज, रायबरेली। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए महाराजगंज थाना पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक रजत वर्मा ने अपनी टीम के साथ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक रजत वर्मा, हेड कांस्टेबल ज्ञानेन्द्र तिवारी एवं कांस्टेबल कृष्ण कुमार क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुसिया भट्टा मोड़ के पास एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक की पिपिया में अवैध कच्ची शराब लेकर खड़ा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उपनिरीक्षक रजत वर्मा की तत्परता और टीम की मुस्तैदी से उसे कुसिया भट्टा मोड़ से करीब 50 मीटर पहले ही दबोच लिया गया।पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम राजू पुत्र पूर्णमासी (31 वर्ष), निवासी ग्राम समसपुर हलोर, थाना महाराजगंज बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध महाराजगंज पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप है। स्थानीय लोगों ने भी उपनिरीक्षक रजत वर्मा एवं उनकी टीम की सक्रियता, सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग की सराहना करते हुए इसे कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
