कांवड़ यात्रा से पहले दलमऊ गंगा घाट पर सुरक्षा का रिहर्सल, मॉक ड्रिल में परखी गई आपदा से निपटने की तैयारी

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

डलमऊ (रायबरेली)। आगामी कांवड़ यात्रा एवं श्रावण मास को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोमवार को डलमऊ गंगा घाट पर अपर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया।

मॉक ड्रिल में दर्शन के दौरान संभावित भगदड़ की स्थिति को आधार बनाकर राहत एवं बचाव कार्य का अभ्यास किया गया। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित टीमों ने घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा भीड़ को नियंत्रित करने का सफल प्रदर्शन किया।

अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में कोई कमी न रहे।इस दौरान पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

गंगा घाट पर भीड़ नियंत्रण, रेस्क्यू ऑपरेशन, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की भी जांच की गई। अधिकारियों ने संबंधित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा एवं श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

Related posts