रायबरेली को मिली हाईटेक इंटरसेप्टर गाड़ी, यातायात नियम तोड़ने वालों पर अब रहेगी पैनी नजर

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिले की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया गया है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसे सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।यह हाईटेक इंटरसेप्टर गाड़ी आधुनिक उपकरणों से लैस है, जिसकी मदद से ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीड, लापरवाही से वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।

वाहन में लगे आधुनिक कैमरे और तकनीकी उपकरण नियम तोड़ने वालों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई में सहायक होंगे।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह इंटरसेप्टर वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके संचालन से जिले में यातायात व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और सड़क पर अनुशासन कायम करने में मदद मिलेगी।

यातायात पुलिस का कहना है कि नई तकनीक से लैस इस वाहन के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा, जिससे सड़क सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात का लाभ प्राप्त होगा।

Related posts