गड़े धन का लालच देकर सई नदी किनारे बुलाया, गमछे से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट
एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में मिले युवक के शव के मामले का रायबरेली पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या अवैध संबंधों के शक और सामाजिक बदनामी के डर से की गई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गमछा भी बरामद कर लिया है।मामला भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे रघुराज मजरे सरायं दामू गांव का है। यहां रहने वाला शिवम यादव 5 सितंबर की रात अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।
अगले दिन उसका शव सई नदी में उतराता हुआ मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने तत्काल खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सुभाष तथा उपेन्द्र अवस्थी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार सुभाष को शक था कि शिवम के उसकी भाभी से संबंध हैं, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव और सामाजिक बदनामी के भय से परेशान था। इसी कारण उसने अपने साथी उपेन्द्र अवस्थी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने शिवम को सई नदी के किनारे गड़ा हुआ धन निकलने का लालच देकर बुलाया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, दोनों ने मिलकर गमछे से उसका गला कस दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद पहचान छिपाने और मामले को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को सई नदी में फेंक दिया।पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए गए ।
अभियान के तहत एसओजी, सर्विलांस और भदोखर पुलिस की संयुक्त टीम ने महज 48 घंटे के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद कर लिया गया है तथा दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
