गुरु पूर्णिमा पर छलका दर्द; श्रावण में लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के बावजूद नहीं मिला पक्का फर्श, शासन-प्रशासन से लगाई गुहार

200 वर्षों से महादेव की सेवा, फिर भी सुविधाओं से वंचित अवसानेश्वर मंदिर के दुकानदार

सुधीर शर्मा बाराबंकी

धारा लक्ष्य समाचार

त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। महाभारत कालीन प्रसिद्ध अवसानेश्वर महादेव मंदिर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान मंदिर परिसर में वर्षों से फूल-माला एवं पूजन सामग्री की दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने अपनी उपेक्षा पर नाराजगी जताते हुए शासन-प्रशासन से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

फूलों की माला बनाते बाबा रूपेश मिश्रा 👇👇

मंदिर परिसर में फूल-माला की दुकान लगाने वाले बाबा राम लोचन मिश्रा, बाबा आशा राम मिश्रा एवं बाबा रूपेश मिश्रा ने बताया कि उनका परिवार महादेव की कृपा से पिछले लगभग 200 वर्षों से यहां फूल-माला एवं पूजन सामग्री की दुकान लगाकर अपनी आजीविका चला रहा है। उनका कहना है कि प्रदेश में पिछले लगभग नौ वर्षों से भाजपा सरकार होने के बावजूद इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल पर दुकानदारों के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है।

दुकानदारों ने बताया कि श्रावण मास में अवसानेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन हजारों और पूरे माह में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को पूजन सामग्री उपलब्ध कराने में स्थानीय दुकानदारों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद उन्हें आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिन परिस्थितियों में दुकानें लगानी पड़ती हैं।

उन्होंने बताया कि मंदिर समिति एवं शासन-प्रशासन से कई बार मांग की जा चुकी है कि दुकानदारों के बैठने वाले स्थान पर पक्का फर्श बनवाया जाए, ताकि बरसात और अन्य मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

दुकानदारों का यह भी कहना है कि हाल ही में जिलाधिकारी बाराबंकी ने मंदिर परिसर से गोमती तट तक पैदल निरीक्षण किया था, लेकिन उनकी समस्याओं पर किसी का ध्यान नहीं गया। दुकानदारों ने उम्मीद जताई कि शासन-प्रशासन उनकी वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ दुकानदारों को भी राहत मिल सके।

Related posts