इब्राहिमपुर में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, ईंट-पत्थर और लाठियां चलीं; कई घायल, गांव में पुलिस छावनी

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में मंगलवार देर रात एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर और लाठियां चलीं, जिससे कई लोग घायल हो गए और गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी), क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) आशीष निगम समेत कई थानों की पुलिस फोर्स भी गांव पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है ताकि दोबारा किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पा लिया गया। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पर्याप्त पुलिस बल तैनात है।

Related posts