जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उनकी तीन वर्षीय बेटी बाल-बाल बच गई। घटना के बाद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने में कथित देरी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शाम को शव लेकर मिल एरिया थाने पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार महाराजगंज थाना क्षेत्र के पूरे गोसाई गांव निवासी शिवम (30) अपनी पत्नी शिवानी (25) और तीन वर्षीय पुत्री सांची के साथ मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बाइक से ससुराल जा रहे थे। सारस ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रहे एक ओवरलोड लोडर का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर बाइक पर चढ़ गया। हादसे में शिवानी के ऊपर लोडर का पहिया गुजर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई,
जबकि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मासूम सांची सड़क किनारे दूर जा गिरी, जिससे उसे मामूली चोटें आईं और उसकी जान बच गई।राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। शिवानी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि शिवम की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
मुकदमा दर्ज न होने पर फूटा गुस्सा, थाने में कई घंटे चला हंगामा
परिजनों का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद देर शाम तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इससे नाराज सैकड़ों ग्रामीण पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर शाम करीब पांच बजे मिल एरिया थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम और सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया,
जिसके बाद लोग शांत हुए और शव अंतिम संस्कार के लिए रवाना किया गया।मिल एरिया थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल लोडर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
