संतोषपुर मजरे जनई में सड़क बनी तालाब, स्कूली बच्चों व ग्रामीणों का निकलना हुआ मुश्किल; समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। महराजगंज विकासखंड क्षेत्र के संतोषपुर मजरे जनई गांव में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़क पर दिखाई दिया। गांव की मुख्य सड़क पर लंबे समय से भरे गंदे पानी और कीचड़ से परेशान लोगों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया तथा “मुर्दाबाद” के नारे लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव की मुख्य सड़क पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। सड़क पूरी तरह पानी से भर जाती है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। बच्चों को रोजाना गंदे पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है,
जिससे दुर्घटना और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। सड़क निर्माण और जलनिकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई,
जिससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए तथा स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या से उन्हें राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी।
