सीडीओ की सख्ती: छात्रवृत्ति आवेदन में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, समयबद्ध प्रक्रिया के दिए निर्देश

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में शैक्षिक सत्र 2026-27 की पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में शासन की समय-सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने, सत्यापन एवं अन्य आवश्यक कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी विभाग एवं शिक्षण संस्थान निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराएं।

बैठक में बताया गया कि विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने का कार्य 22 जुलाई से 5 अगस्त तक तथा जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा उसका सत्यापन 23 जुलाई से 9 अगस्त तक किया जाएगा। अल्पसंख्यक वर्ग के लिए एनएसपी पोर्टल पर पंजीकरण एवं निजी विद्यालयों की मार्किंग 23 जुलाई से 10 अगस्त तक होगी।

विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन नवीनीकरण की प्रक्रिया 11 से 25 अगस्त तथा नए आवेदन 11 अगस्त से 21 सितंबर तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन, प्राप्तांक एवं उपस्थिति दर्ज करने, पात्र छात्रों के आवेदन अग्रसारित करने तथा अपात्र आवेदनों को निरस्त करने की कार्रवाई शासन की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार की जाएगी।

सीडीओ अंजू लता ने सभी प्रधानाचार्यों एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र विद्यार्थियों के आवेदन बिना विलंब के अग्रसारित किए जाएं और अपात्र आवेदनों को तत्काल निरस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी संस्था स्तर पर छात्रवृत्ति आवेदन लंबित पाए गए तो संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चन्द्र राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Related posts