पति की संदिग्ध मौत से सनसनी: शव लेने तक नहीं पहुंची पत्नी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के चुरुवा सिन्नत खेड़ा गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान मोहन (24) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले मोहन ने गांव की रहने वाली खुशबू से प्रेम विवाह किया था।

शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे।मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। उनका कहना है कि इस घटना में बहू खुशबू और उसके मायके पक्ष के लोगों की भूमिका है। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद पत्नी पति का शव देखने तक नहीं पहुंची।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने खुशबू के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts