जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज में विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू ने नगर के चार विद्यालयों में वाटर कूलर का लोकार्पण कर उन्हें विद्यार्थियों के उपयोग के लिए समर्पित किया।
जिन विद्यालयों में वाटर कूलर लगाए गए हैं, उनमें राजा चंद्रचूड़ सिंह विद्यापीठ इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जूनियर हाई स्कूल तथा प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। प्रभात साहू ने फीता काटकर वाटर कूलरों का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभात साहू ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है। इन वाटर कूलरों के लगने से अब छात्र-छात्राओं को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी, जिससे उनका स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहेगा और पढ़ाई में भी सुविधा होगी।
विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान जमुना पासवान, सूर्य प्रकाश वर्मा, धर्मेंद्र वर्मा, विनीत वैश्य, नूरुल हसन, मुश्ताक राइनी, विजय धीमान सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
