बीएसए के औचक निरीक्षण में शिक्षामित्र अनुपस्थित, एजुकेटर देर से पहुंचीं; नोटिस के निर्देश

पिसावां व मिश्रिख के विद्यालयों का निरीक्षण, बच्चों से पूछे गणित-हिंदी के प्रश्न, बेहतर प्रदर्शन पर किया सम्मानित; स्वच्छता, पुस्तक वितरण और मूलभूत सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश।

धारा लक्ष्य समाचार 

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शुक्रवार को विकास खंड पिसावां एवं मिश्रिख के कई परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, स्वच्छता और शिक्षण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बीएसए ने सबसे पहले सुबह 8 बजे विकास खंड पिसावां के उच्च प्राथमिक विद्यालय फरिहा (कम्पोजिट 1 से 8) का निरीक्षण किया। यहां प्रार्थना सभा में शामिल होकर उन्होंने विद्यार्थियों को महान क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस के बारे में जानकारी दी और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

इसके बाद सुबह 8:50 बजे विकास खंड मिश्रिख के प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदनगर पहुंचे। निरीक्षण में शिक्षामित्र अन्नू श्रीवास्तव बिना सूचना अनुपस्थित मिलीं, जबकि एजुकेटर सुभांगी वैश्य निर्धारित समय से देर से विद्यालय पहुंचीं। इस पर दोनों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान बीएसए ने कक्षा-5 के विद्यार्थियों से गणित और हिंदी के प्रश्न पूछे। सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय में समय पर पाठ्यपुस्तकों का वितरण न होने पर नाराजगी जताई गई। साथ ही मल्टीपल हैंडवॉश में नल न होने और बालक शौचालय बंद मिलने पर प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसके बाद सुबह 9:17 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदनगर का निरीक्षण किया गया। यहां विद्यालय परिसर की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। बीएसए ने कक्षा-7 के विद्यार्थियों से गणित के प्रश्न हल कराए और बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया।

निरीक्षण के अंत में बीएसए ने सभी शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, स्वच्छता, समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

Related posts