जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रविवार को थाना महराजगंज क्षेत्र के ग्राम कमालपुर आवाडीह में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत बहू-बेटी सम्मेलन एवं महिला जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सम्मेलन के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिला सुरक्षा के लिए संचालित ऑपरेशन मजनू अभियान की जानकारी देते हुए 1090, 181, 112, 1076, 102, 1930, 101 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों के महत्व पर प्रकाश डाला। टीम ने बताया कि महिला हेल्पलाइन 1090 पर दर्ज शिकायतों में शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, जिससे महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
कार्यक्रम में कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, मातृशक्ति वंदन योजना, महिला स्वावलंबन योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना, सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 तथा सखी वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी किया गया।इस दौरान गांव में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी पोस्टर लगाए गए और पंपलेट वितरित कर लोगों को साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न और सामाजिक कुरीतियों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
महिलाओं से किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने की अपील की गई।कार्यक्रम में हल्का प्रभारी, बीट महिला आरक्षी, आशा बहू, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। थाना महराजगंज की ओर से उपनिरीक्षक लाल जी यादव, महिला मुख्य आरक्षी गीता सिंह, महिला आरक्षी राधा कुमारी और महिला आरक्षी ज्योति ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
अंत में सभी को महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक रहकर सुरक्षित एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया गया।
