धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
बछरावां/रायबरेली। थाना बछरावां क्षेत्र के ग्राम उमरपुर में शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान मारपीट में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती एक नवंबर की रात करीब 8:30 बजे डायल 112 के माध्यम से गांव उमरपुर में एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को रामकिशोर वर्मा (55) पुत्र छंगालाल वर्मा निवासी बल्दीखेड़ा, थाना मौरावां, जनपद उन्नाव घायल और बेहोशी की हालत में मिले। पुलिस उन्हें तत्काल सीएचसी बछरावां ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक और शिवम पासी के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट हुई। मृतक की पत्नी तारावती की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बछरावां पुलिस टीम ने मंगलवार, 3 नवंबर को आरोपी शिवम पासी पुत्र छविनाथ पासी निवासी ग्राम उमरपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
