जीएसटी की छापेमारी से भिलवल में हड़कंप, बड़कऊ ज्वैलर्स के शोरूम और किराना स्टोर पर जांच

कार्रवाई की खबर फैलते ही हैदरगढ़ बाजार में बंद हुईं दुकानें, कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों से जीएसटी कर्मी की नोकझोंक, जेल भेजने की धमकी देने का आरोप

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के भिलवल कस्बे में मंगलवार सुबह केंद्रीय जीएसटी विभाग की टीम ने बड़कऊ ज्वैलर्स के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। सुबह करीब नौ बजे अचानक पहुंची टीम ने ज्वैलरी शोरूम में खरीद-बिक्री के अभिलेखों और स्टॉक की जांच शुरू की।

इसके बाद टीम मोधू पुरवा मोड़ स्थित संबंधित किराना स्टोर भी पहुंची और वहां कारोबारी दस्तावेज खंगाले। कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्र के व्यापारियों में खलबली मच गई।

जीएसटी टीम की कार्रवाई का असर हैदरगढ़ कस्बे के बाजार में भी दिखाई दिया। छापेमारी की सूचना मिलते ही कई दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए। सर्राफा, कपड़ा, मेडिकल और किराना कारोबार प्रभावित हुआ। दीपावली की खरीदारी के लिए ग्रामीण इलाकों से पहुंचे ग्राहकों को भी परेशानी उठानी पड़ी और कई लोग बिना खरीदारी किए लौट गए।

कवरेज पर पत्रकारों से नोकझोंक वीडियो हुआ वायरल 

छापेमारी की कवरेज करने पहुंचे स्थानीय पत्रकारों और जीएसटी टीम के एक कर्मचारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि तस्वीरें लेने पर कर्मचारी ने पत्रकारों पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए जेल भेजने की धमकी दी। मामला बढ़ता देख मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया।

छापेमारी किस शिकायत या विभागीय इनपुट के आधार पर की गई, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। लोनीकटरा थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल ने कार्रवाई की पुष्टि की, लेकिन जांच में मिले दस्तावेजों अथवा किसी कर अनियमितता के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया।
फिलहाल जीएसटी विभाग की ओर से जांच के निष्कर्ष या किसी कर चोरी की पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में कार्रवाई के वास्तविक कारण और नतीजों का खुलासा विभागीय बयान के बाद ही हो सकेगा।

Related posts