कोयले से लदे ट्रक में छिपाकर बिहार से पंजाब ले जा रहा था 6.240 किलो अफीम

खैराबाद में एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पंजाब का अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार; एएसपी उत्तरी ने दी जानकारी

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। बिहार से पंजाब ले जाई जा रही करीब 35 लाख रुपये कीमत की 6 किलो 240 ग्राम अवैध अफीम को खैराबाद में पुलिस और सहारनपुर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने बरामद किया है।

तस्करी में इस्तेमाल कोयले से लदे टाटा ट्रक को जब्त करते हुए पुलिस ने पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक कुमार सिंह ने मंगलवार को दी।

पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को लखनऊ-सीतापुर मार्ग पर जमैय्यतपुर मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कोयले से लदे टाटा ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

ट्रक के केबिन में बने गुप्त स्थान से एक प्लास्टिक के कट्टे में रखे चार पारदर्शी पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 6 किलो 240 ग्राम अफीम थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरदीप सिंह (46) पुत्र जीत सिंह, निवासी ग्राम मोटे माजरा, जिला एसएएस नगर (मोहाली), पंजाब के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बिहार के गया जिले के बाराचट्टी से अफीम लेकर आ रहा था और इसे पंजाब के बनूड़ (मोहाली) पहुंचाना था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,300 रुपये नकद और दो स्मार्टफोन भी बरामद किए हैं। तस्करी में प्रयुक्त टाटा ट्रक संख्या PB65BP 5955 को भी जब्त किया गया है।

थाना खैराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 286/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/29/60 में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Related posts