कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश प्रभारी राजेश पाल गौतम का जोरदार स्वागत; भाजपा सरकार पर साधा निशाना।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के सारस चौराहे पर रविवार शाम कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेश पाल गौतम के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी, शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कांग्रेस समर्थकों ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी कर शक्ति प्रदर्शन किया।

स्वागत समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश प्रभारी राजेश पाल गौतम ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की जा रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी तंत्र एवं पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस तरह की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे।उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को करारा जवाब देगी। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और जनता के सहयोग से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं से प्रदेश की जनता परेशान है और अब बदलाव चाहती है।प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया।

वहीं, पार्टी नेताओं ने भी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वागत समारोह में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

Related posts