जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। शहर के त्रिपुला चौराहे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ी। मौके पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस के मुख्य आरक्षी सतीश कुमार वर्मा ने बिना समय गंवाए मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए युवती को अपनी गाड़ी से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, युवती बछरावां क्षेत्र से दवा लेने के लिए रायबरेली आई थी। त्रिपुला चौराहे पर पहुंचते ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना देखकर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद मुख्य आरक्षी सतीश कुमार वर्मा ने तुरंत स्थिति को संभाला और एंबुलेंस का इंतजार किए बिना युवती को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका तत्काल उपचार शुरू किया।
समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।मुख्य आरक्षी की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस केवल यातायात व्यवस्था संभालने तक ही सीमित नहीं है,
बल्कि जरूरत पड़ने पर आम नागरिकों की मदद के लिए भी पूरी तत्परता से आगे आती है। ट्रैफिक पुलिस की इस मानवीय पहल की पूरे शहर में प्रशंसा हो रही है।
