11 हजार वोल्ट लाइन के खंभे पर गिरी आकाशीय बिजली, तेज धमाके से दहशत; CCTV में कैद हुआ मंजर

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां (रायबरेली)। मंगलवार तड़के हुई बारिश के दौरान क्षेत्र के लालखेड़ा मजरे जीगो गांव में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के खंभे पर आकाशीय बिजली गिरने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज धमाके के साथ बिजली गिरने से आसपास का क्षेत्र कुछ पल के लिए तेज रोशनी से जगमगा उठा। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब पांच बजे बारिश के बीच अचानक तेज चमक और जोरदार धमाका हुआ, जिससे लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय खंभे के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

आकाशीय बिजली गिरने से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन प्रभावित हो गई और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन व उपकरणों का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। विभागीय कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे।

एसडीओ संजीव कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से लाइन में तकनीकी खराबी आई है, जिसे ठीक कराया जा रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना रहा, जबकि सीसीटीवी में कैद वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related posts