तीन गोल्ड मेडल जीतकर पूर्णिका शुक्ला ने बढ़ाया रायबरेली का मान, भाजपा नेताओं ने घर पहुंचकर किया सम्मानित

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। जिले के महराजगंज कस्बे के आर्य नगर निवासी मेधावी छात्रा पूर्णिका शुक्ला ने लखनऊ विश्वविद्यालय के एम.कॉम. पाठ्यक्रम में 83.33 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हाथों तीन गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया, जिससे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

पूर्णिका शुक्ला, शिवशंकर शुक्ला एवं कीर्ति शुक्ला की पुत्री हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर भाजपा महराजगंज मंडल अध्यक्ष एडवोकेट अमित श्रीवास्तव तथा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विद्यासागर अवस्थी उनके आवास पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने पूर्णिका को भगवान श्री राधा-कृष्ण का भव्य चित्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पूर्णिका की उपलब्धि जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा के प्रति आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।इस अवसर पर पूर्णिका शुक्ला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सतत मार्गदर्शन व सहयोग को दिया।

उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और शिक्षकों के मार्गदर्शन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Related posts