जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर के सख्त निर्देश पर जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त छापेमारी के दौरान अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए 40 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
मामले में संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ने बताया कि आम उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर समय से एलपीजी गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम के निर्देश पर सदर, महराजगंज, सलोन, लालगंज एवं ऊंचाहार तहसीलों में संबंधित उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में विशेष जांच टीमें गठित कर दी गई हैं। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था, आपूर्ति और उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता की नियमित निगरानी करेंगी।
साथ ही संदिग्ध स्थानों पर लगातार छापेमारी कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध रिफिलिंग में संलिप्त पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
