लालगंज चौराहे पर ड्यूटी में लापरवाही पर एसडीएम सख्त, ट्रैफिक कर्मियों को लगाई फटकार; वीडियो वायरल

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जनपद के लालगंज कस्बे में यातायात व्यवस्था को लेकर बुधवार को उस समय हलचल मच गई, जब उपजिलाधिकारी (एसडीएम) लालगंज ने अचानक मुख्य चौराहे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि कुछ ट्रैफिक पुलिसकर्मी चौराहे पर यातायात संचालन करने के बजाय ट्रैफिक बूथ में बैठे हुए थे, जबकि सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी।

स्थिति देखकर एसडीएम ने मौके पर ही संबंधित ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई और ड्यूटी के प्रति गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित रूप से कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एसडीएम ट्रैफिक कर्मियों को ड्यूटी के दौरान लापरवाही पर फटकार लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद यातायात व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लालगंज के मुख्य चौराहे पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। यदि ट्रैफिक पुलिस पूरी सक्रियता से अपनी जिम्मेदारी निभाए तो लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। फिलहाल वायरल वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related posts