जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। रायबरेली रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के एक सिपाही की सतर्कता और बहादुरी से गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जनता एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसल गई। तभी ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी ने बिना देर किए दौड़कर महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया और उसकी जान बचा ली। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, जनता एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी थी। इसी दौरान एक महिला यात्री सामान खरीदने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गई। सामान लेकर लौटने तक ट्रेन चलने लगी। जल्दबाजी में महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उसका पैर फिसल गया और वह हादसे का शिकार होने वाली थी।
इसी बीच ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर महिला को पकड़ लिया और सुरक्षित प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। उनकी सूझबूझ और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया।घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने सिपाही की बहादुरी की सराहना की।
वहीं जीआरपी थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक जीआरपी ने भी सिपाही शिवपूजन चौधरी की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और साहस की प्रशंसा करते हुए उनके इस सराहनीय कार्य की सराहना की।रेलवे और जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
