जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूती देने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिलाधिकारी सरनीत कौर ने जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और पूरे उत्साह के साथ अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा देश की सादगी, विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर राष्ट्रध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को और मजबूत किया जाएगा। जिले में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
डीएम ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग पूरे उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनें और राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
