तिरंगे के रंग में रंगा सीतापुर, प्रभारी मंत्री व जनप्रतिनिधियों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज से लालबाग चौराहे तक गूंजे देशभक्ति के नारे, अटल जी की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद सीतापुर में तिरंगा यात्रा-2026 का भव्य आयोजन किया गया। यात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक बिसवां निर्मल वर्मा, विधायक महमूदाबाद श्रीमती आशा मौर्य, विधायक सिधौली मनीष रावत, विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डा. दीक्षा जोशी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, सीतापुर से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में सहभागिता की। यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए लालबाग चौराहा पहुंची। पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

लालबाग चौराहे पर पहुंचने के बाद प्रभारी मंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा देशहित में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही युवा पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करते हैं।

जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. ने कहा कि तिरंगा यात्रा-2026 का आयोजन पूरे उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के उत्साह से सराबोर नजर आया।

Related posts