रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ), एंटी करप्शन एवं विजिलेंस की कथित गलत व दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा तहसील महराजगंज के लेखपालों ने शनिवार को एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल कर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार करते हुए अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के विरुद्ध हुई कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
लेखपाल संघ की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में कहा गया कि लेखपाल राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और गांव-गांव जाकर भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से जुड़े कार्यों का निर्वहन करते हैं। संघ का कहना है कि कई बार नियमविरुद्ध कार्य कराने से इनकार करने पर संबंधित व्यक्ति अथवा दलाल द्वारा रंजिश के चलते झूठी शिकायत किए जाने की आशंका रहती है।
संघ ने आरोप लगाया कि शिकायत की वास्तविकता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, रंजिश और लेखपाल की वास्तविक भूमिका की पर्याप्त जांच किए बिना ट्रैप कार्रवाई किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी क्रम में 20 अगस्त को सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के साथ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई।
लेखपालों ने प्रकरण की जांच स्वतंत्र निष्पक्ष एजेंसी अथवा एसआईटी से कराने की मांग की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, शिकायत और प्री-ट्रैप प्रक्रिया की जांच कराने पर जोर दिया।
संघ ने स्पष्ट किया कि वह भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता। रिश्वत लेने या मांगने का दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निजी रंजिश या झूठी शिकायत के आधार पर किसी निर्दोष कर्मचारी को फंसाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। लेखपालों ने एसीओ और विजिलेंस के लिए पारदर्शी एसओपी जारी करने तथा फर्जी ट्रैप साबित होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर लेखपाल संघ अध्यक्ष अवनीश प्रताप सिंह, शैलेन्द्र कुमार, विपिन कुमार मौर्य, सुशील शर्मा, अमित कुमार शुक्ला, राजेश कुशवाहा, विवेक कुमार, दर्शिता श्री वास्तव, राहुल वर्मा, पीयूष शुक्ला सहित लेखपाल मौजूद रहे।
