रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 22 अगस्त। राणा बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में राणा बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार परिसर में शुक्रवार को सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और इसके बाद विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर जानकारी ली।
प्रदर्शनी में राणा बेनी माधव बख्श सिंह के जीवन, उनकी वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही जिले के ऐतिहासिक स्थलों तथा प्रदेश सरकार की विभिन्न नीतियों, निर्णयों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि 22 से 24 अगस्त तक चलने वाली यह प्रदर्शनी आमजन को जिले के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के साथ ही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियों से पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सुविधा मिलती है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि शासन की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
इस अवसर पर राघवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख उमेश प्रताप सिंह, हरिहर सिंह, रविंद्र सिंह, राजेंद्र बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह, अभिषेक विक्रम सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, डॉ. अविनाश सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
