बरगद चौराहे पर खुला नाला बना जानलेवा, साइकिल सवार की गिरने से मौत।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के बरगद चौराहे स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास हाईवे किनारे खुला पड़ा गहरा नाला रविवार दोपहर जानलेवा साबित हुआ। करीब दो बजे एक साइकिल सवार अचानक अनियंत्रित होकर खुले नाले में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल नाले में उतरकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साइकिल सवार किसी कारणवश नियंत्रण खो बैठा और सीधे हाईवे किनारे खुले नाले में जा गिरा। नाला गहरा होने के चलते वह उसमें डूब गया। युवक को नाले में गिरता देख स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्थानीय लोग नाले में उतरकर युवक को बाहर निकालने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।
खुले नाले को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे लंबे समय से खुला पड़ा यह नाला राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। बारिश के दिनों में नाले में पानी भर जाने के कारण इसकी गहराई का अंदाजा लगाना और भी मुश्किल हो जाता है। लोगों का आरोप है कि सुरक्षा के इंतजाम न होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से तत्काल नाले को ढकवाने, आसपास सुरक्षा बैरिकेडिंग कराने और ऐसे स्थानों को चिन्हित कर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खुले नाले को बंद कराया गया होता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।
