गरीब बच्चों के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी और जरूरतमंदों के लिए विधिक परामर्श केंद्र जरूरी : कर्नल कमलेश चन्द्रा।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। रफी नगर स्थित रैदास आश्रम सामुदायिक केंद्र/संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में आश्रम के विकास, बेहतर संचालन तथा आगामी माघ पूर्णिमा 2027 को संत रविदास जी की 650वीं जयंती भव्य रूप से मनाए जाने को लेकर आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आश्रम की कोर टीम के साथ अम्बेडकरवादी, बहुजनवादी, संविधान समर्थक, समतावादी धम्म बंधुओं एवं रविदास अनुयायियों ने सहभागिता की।

बैठक की अध्यक्षता आश्रम के संचालक एवं संरक्षक कर्नल कमलेश चन्द्रा ने की, जबकि संचालन संयोजक राजेश कुरील ने किया। मुख्य व्यवस्थापक इंजी. एसके आर्या ने पिछले दो वर्षों में कराए गए विकास कार्यों तथा आय-व्यय से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

सह-संयोजक विमल किशोर सबरा ने आगामी माघ पूर्णिमा पर संत रविदास जी की 650वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले के गांव-गांव कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने श्रावण पूर्णिमा से संत रविदास जी की झांकियां एवं यात्राएं निकाले जाने का सुझाव भी दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए कर्नल कमलेश चन्द्रा ने कहा कि बाबू बैजनाथ कुरील रायबरेली के प्रथम सांसद थे और उन्होंने अपना जीवन गरीब, वंचित एवं शोषित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बेरोजगारों और जरूरतमंदों की मदद के लिए भी निरंतर प्रयास किए।

उन्होंने बताया कि बाबू बैजनाथ कुरील के प्रयासों से वर्ष 1958 में सामाजिक, धार्मिक, शैक्षिक एवं वैवाहिक कार्यक्रमों के संचालन के लिए जिला प्रशासन से भूमि आवंटित कराकर रैदास आश्रम सामुदायिक केंद्र की स्थापना कराई गई थी। उन्होंने कहा कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कर्नल कमलेश चन्द्रा ने कहा कि गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी और गरीब, असहाय व पीड़ित पुरुष-महिलाओं के लिए निःशुल्क विधिक परामर्श केंद्र समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। उन्होंने कहा कि आश्रम को सामाजिक, शैक्षिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनाने के लिए सभी को मिलकर आगे आना होगा।

उन्होंने आगामी माघ पूर्णिमा 2027 में संत रविदास जी की 650वीं जयंती को भव्य स्तर पर आयोजित करने तथा उनके विचारों और निर्गुण भक्ति की शिक्षाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

बैठक में वीरेन्द्र कुरील, नरेन्द्र कुरील, चन्द्र शेखर बौद्ध, रामेश्वर सिंह मौर्य, हरिप्रसाद शास्त्री, सुनीता अम्बेडकर, एडवोकेट रामेश्वर भारती, एडवोकेट श्रेयांश चंद्रा, सत्येश गौतम, एनके स्वामी, राम कुमार, विजय भीम, मास्टर श्रीराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में रविदास अनुयायी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने आश्रम के माध्यम से शैक्षिक, सामाजिक और विधिक सहायता से जुड़े जनहितकारी कार्यों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

Related posts