मुख्यमंत्री के आगमन पर ट्रैफिक व्यवस्था से जनता परेशान, राहगीर से अभद्रता का आरोप

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रायबरेली दौरे के दौरान जहां प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्क दिखाई दिया, वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर आम जनता में भारी नाराजगी देखने को मिली। लंबे जाम और अव्यवस्थित यातायात के कारण लोगों को घंटों परेशान होना पड़ा।इसी बीच एक ऐसा मामला सामने आया।

जिसने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात एक सब इंस्पेक्टर ने जाम में फंसे एक राहगीर द्वारा अपनी समस्या रखने पर उसके प्रति आक्रामक रवैया अपनाया और उसे मारने के लिए दौड़ पड़े। आरोप है कि इस दौरान संबंधित पुलिसकर्मी ने अपने चेहरे पर कपड़ा भी बांध लिया, जिससे उसकी पहचान न हो सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त सब इंस्पेक्टर का व्यवहार पहले भी कई बार विवादों में रहा है और वह आम नागरिकों पर दबाव बनाने की कोशिश करता रहता है। लोगों का आरोप है कि उसके खिलाफ शिकायतें होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, जिससे उसके हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर जनता को सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्था की उम्मीद थी, लेकिन कई स्थानों पर जाम और पुलिस के कथित दुर्व्यवहार ने लोगों की नाराजगी बढ़ा दी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जनता का सवाल है कि यदि अपनी समस्या बताने पर आम नागरिक को इस तरह डराया जाएगा, तो वह अपनी बात आखिर किससे कहेगा?

Related posts