रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रायबरेली दौरे से पहले शहर में लगाए गए विरोधी पोस्टरों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष शुभम लोहिया को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व शहर के विभिन्न स्थानों पर ‘मुख्यमंत्री वापस जाओ’ लिखे पोस्टर लगाए गए थे,
जबकि कई स्थानों पर इसी तरह के पर्चे भी मिले थे। मामला सामने आते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई थी। पर्चों पर समाजवादी छात्र सभा का नाम अंकित होने के कारण पुलिस ने पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने शुभम लोहिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया,
जहां से अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले सामने आए इस प्रकरण ने जिले की राजनीतिक सरगर्मियों को भी तेज कर दिया है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।
और पोस्टर लगाने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे।
ऐसे में विरोधी पोस्टरों के सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों की तलाश शुरू कर दी थी।फिलहाल शुभम लोहिया न्यायिक अभिरक्षा में हैं और पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
