रास्ता और नाली निर्माण की शिकायत पर युवक को धमकी, एफआईआर की मांग

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। गांव में रास्ता और नाली निर्माण की मांग को लेकर शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विकास कार्यों की जानकारी लेने पर उसे न केवल अपमानित किया गया, बल्कि झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने तक की धमकी दी गई। पीड़ित ने थाना महराजगंज में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

संतोषपुर मजरे जनई निवासी अंकुल सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि करीब तीन सप्ताह पूर्व उन्होंने गांव में रास्ता और नाली निर्माण कराने के लिए खंड विकास अधिकारी को शिकायत दी थी। लंबे समय तक कोई कार्रवाई न होने पर वह मंगलवार को ब्लॉक महराजगंज पहुंचे और मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम पंचायत से जुड़े लोगों से पूछताछ करने पर विवाद खड़ा हो गया।

पीड़ित का आरोप है कि वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे भद्दी गालियां देते हुए झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। इतना ही नहीं, जान से मरवाने और पूरे परिवार को परेशान करने की भी बात कही गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक ग्राम पंचायत अधिकारी ने भी शिकायत करने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि चाहे जितनी शिकायत कर लो, कोई काम नहीं होगा।

अंकुल सिंह का कहना है कि घटना के बाद वह और उनका परिवार भयभीत है। उन्होंने दावा किया है कि पूरे घटनाक्रम की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है, जिसे जांच में साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।

पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related posts