रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जनपद में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार, 26 अगस्त 2026 को गंगा नदी का जलस्तर 98.400 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 98.360 मीटर को पार कर चुका है। हालांकि नदी अभी खतरे के निशान 99.360 मीटर से नीचे बह रही है, लेकिन जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर चेतावनी बिंदु पार होते ही जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं राजस्व विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं। बाढ़ संभावित एवं निचले क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए मुनादी कराई जा रही है। गंगा तटवर्ती गांवों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।प्रशासन द्वारा सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है।
राहत एवं बचाव कार्यों के लिए नाव, गोताखोरों की टीम, आवश्यक राहत सामग्री तथा चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम एवं क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
दोनों अधिकारी ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहे हैं।जिलाधिकारी ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति अथवा सूचना के लिए तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम अथवा स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। प्रशासन लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है और स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।
