रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महाराजगंज/रायबरेली। थाना क्षेत्र के ओथी गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजे का इलाज जारी है। घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार कोटवा मदनिया गांव निवासी रामप्रताप अपने चाचा रामचंद्र (38) पुत्र कन्हैयालाल के साथ बाइक से महाराजगंज आए थे।
यहां बाइक की मरम्मत कराने के बाद दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओथी गांव के निकट उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर फिसलकर गिर गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। रामचंद्र की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं घायल रामप्रताप का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया तथा गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
