मोन गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन घायल; एक जिला अस्पताल रेफर

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के मोन गांव के पास शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे हसनगंज निवासी कन्हैयालाल (45 वर्ष) अपनी पत्नी सुनीता के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोन गांव के पास सामने से आ रहे दूसरी बाइक सवार शिवकुमार (25 वर्ष) निवासी पूरे हनुमंत सिंह, थाना चंदापुर से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने कन्हैयालाल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में किया गया।घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Related posts