ज़मीन बेचकर बुजुर्ग से 38 लाख रुपये की धोखाधड़ी, प्रॉपर्टी डीलरों और विक्रेताओं समेत नौ पर केस दर्ज। 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

महराजगंज/रायबरेली।शिवगढ़ क्षेत्र में ज़मीन खरीद-बिक्री के नाम पर 38 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने प्रापर्टी डीलर व विक्रेताओं पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ के मोहनलालगंज निवासी रामकुमार को कृषि योग्य ज़मीन की आवश्यकता थी। उन्होंने अपने रिश्तेदार मोलहे के जरिए ज़मीन के डीलरों—सुशील कुमार सोनी और प्रविश द्विवेदी से संपर्क किया। डीलरों ने पीड़ित को सुरक्षित और अविवादित ज़मीन दिलाने का झांसा देकर शिवगढ़ थाना क्षेत्र के असहन जगतपुर में भूमि दिखाई। विक्रेता छंगा लाल, रोशन लाल,

रामप्रकाश, कलावती, सुखमीलाल, और प्रमोद कुमार के साथ मिलकर 27 मार्च से 29 मई 2026 के बीच आरटीजीएस, चेक एवं नकद समेत विभिन्न माध्यमों से कुल 38 लाख रुपए ले लिए गए। 13 मई को महराजगंज में करीब सात बीघे जमीन का इकरारनामा भी निष्पादित करा दिया गया।

इकरारनामे के एक महीने बाद जब पीड़ित रामकुमार खेत में जुताई कराने पहुंचे, तो आसपास के किसानों ने बताया कि उक्त ज़मीन तालाब श्रेणी की संरक्षित भूमि है। जब पीड़ित ने क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व अभिलेखों की जांच करवाई, तो पुष्टि हुई कि यह भूमि तालाबी है और इसका क्रय-विक्रय कानूनी रूप से नहीं हो सकता।

ठगी का अहसास होने पर जब पीड़ित ने डीलरों से अपने 38 लाख रुपये वापस मांगे, तो पहले टालमटोल किया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी महराजगंज के समक्ष हुई सुनवाई में डीलरों ने 38 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की, लेकिन धनराशि वापस करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि अब आरोपी डीलरों द्वारा बुजुर्ग पीड़ित को धमकी दी जा रही है कि “न रुपया मिलेगा न ज़मीन, ज्यादा शिकायत की तो जान से हाथ धो बैठोगे”।

पीड़ित रामकुमार की तहरीर पर पुलिस ने सभी नौ आरोपियो के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया छानबीन की जा रही है कार्यवाही की जाएगी।

Related posts