चोरी के मामले में थर्ड डिग्री देने का आरोप, पीड़ित के दोनों हाथों ने काम करना किया बंद!

पांच दिन तक हिरासत में रखकर पिटाई का आरोप, जिला अस्पताल से एम्स रेफर; पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली/डीह। में चोरी के एक मामले में पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का गंभीर आरोप लगा है। मामला डीह थाना क्षेत्र के टेकारी दांदू गांव का है, जहां पीड़ित रविकेश और उसके परिजनों ने दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों पर पांच दिनों तक थाने में बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की हालत बिगड़ने और दोनों हाथों के काम करना बंद कर देने के बाद मामला गंभीर हो गया है।

परिजनों के मुताबिक, बीते दिनों टेकारी महल में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस रविकेश को थाने ले गई थी। आरोप है कि थाने में पांच दिनों तक उसे थर्ड डिग्री दी गई। पीड़ित ने पुलिसकर्मियों पर प्लास से नाखून दबाने और पट्टे से बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि उसके शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।

हालत बिगड़ने पर छोड़ा, जिला अस्पताल से एम्स रेफर

आरोप है कि हिरासत के दौरान रविकेश की हालत बिगड़ने पर उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स रेफर कर दिया गया। पीड़ित के दोनों हाथों ने काम करना बंद कर दिया है, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई है।एसपी से लगाई न्याय की गुहार मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।

परिवार ने दरोगा सुभाष यादव और दो अन्य सिपाहियों पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इन गंभीर आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

Related posts