नाव से बाढ़ग्रस्त गांवों में पहुंचीं सपा नेता पूनम सिंह, वितरित की राहत सामग्री।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता पूनम सिंह ने शुक्रवार को अमावां ब्लॉक क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ नाव के जरिए जलमग्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों का हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं।पूनम सिंह ने ग्राम सभा ओनई जंगल के पूरे गुमान, पूरे गोपाली, पिंडारी कला, ग्राम सभा लोदीपुर के पूरे दीवान तथा ग्राम सभा बघई के पूरे महादेवन और अहलवार गांव पहुंचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई।

इस दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। किसानों की हजारों बीघा फसल जलमग्न होकर नष्ट हो चुकी है और कई घरों में पानी भर जाने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।उन्होंने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि लोगों तक खाने-पीने की जरूरी वस्तुएं भी आसानी से नहीं पहुंच पा रही हैं। किसी के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल ले जाना मुश्किल हो गया है,

जबकि बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।सपा नेता ने बाढ़ की स्थिति के लिए शासन और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि क्षेत्र से गुजरने वाले नाले की पिछले दस वर्षों से सफाई नहीं कराई गई। इसके चलते शिवगढ़ ड्रेन का पानी आगे नहीं निकल सका और कटान के कारण खेतों व घरों में भर गया। यदि समय रहते नालों और नहरों की सफाई कराई गई होती तो आज ऐसे हालात पैदा नहीं होते।

पूनम सिंह ने कहा कि प्रभावित गांवों में कुछ क्षेत्र वर्तमान में बछरावां विधानसभा में आते हैं, लेकिन पहले सदर विधानसभा का हिस्सा थे। यहां के लोग आज भी उनके बड़े भाई स्वर्गीय अखिलेश सिंह को याद करते हैं। बाढ़ पीड़ितों की परेशानी की जानकारी मिलने पर वह उनके बीच पहुंचीं हैं और आगे भी जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराएंगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजवादी नेता अवधेश यादव, ग्राम प्रधान परमेश्वर यादव, पूर्व प्रधान मंजू देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related posts