रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के बसहा नाला पुल के पास रविवार को नहाने गए एक किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार नया खेड़ा मजरे धुराई गांव निवासी महेंद्र कुमार गौतम (16) पुत्र रामशंकर गौतम जनता इंटर कॉलेज, पाहो में कक्षा 12 का छात्र था।
रविवार को अवकाश होने के कारण वह सुबह घर से खेतों की ओर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह अपने एक साथी के साथ बसहा नाला पुल के पास नहाने चला गया।नहाते समय महेंद्र अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। साथ मौजूद युवक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला।
आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खीरों ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।दोपहर में घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक महेंद्र की मौत हो चुकी थी। बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
