रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज /रायबरेली। अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा ने रविवार को महराजगंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी द्वारा भेजी गई राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने ग्राम सभा मोन के लालगंज भुजिया, जियापुर समेत कई बाढ़ग्रस्त गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं तथा हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
सांसद केएल शर्मा ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की।दौरे के दौरान सांसद ने ग्रामीणों से फसल नुकसान, आवासीय क्षति तथा पशुधन से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों तक उनकी समस्याएं पहुंचाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
राहत सामग्री वितरण के तहत जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं।किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और जरूरत के अनुसार हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उनके दौरे से प्रभावित ग्रामीणों में राहत और भरोसे का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, सुशील पासी, साहब शरण पासी, जिला पंचायत सदस्य अंजलि पासी, जिला महामंत्री अजीत सिंह, जिला सचिव नौशाद खतीब, कृपाशंकर शर्मा, भारत मिश्रा, सच्चिदानंद त्रिपाठी, प्रिंशु वैश्य, नगर अध्यक्ष अंकुर जायसवाल, रामचंद्र सिंह, दयाप्रसाद चौरसिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरण में सहयोग किया।
ग्रामीणों ने सांसद एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए राहत कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में जनप्रतिनिधियों का उनके बीच पहुंचना और सहायता उपलब्ध कराना राहत देने वाला कदम है। सांसद के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी रही।
