रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के बहादुर नगर गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक विवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बहादुर नगर निवासी अजय सिंह उर्फ दीपू की पत्नी खुशबू सिंह (26 वर्ष) सुबह घर के अंदर लगे विद्युत बोर्ड में निकले तार को ठीक करने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान अचानक विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना होते ही परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्हें बिजली के संपर्क से अलग किया।परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज ले गए,
जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक डॉ. एस.के. राय ने बताया कि महिला की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मामले में मायके पक्ष वालों व ससुरालीजनो के पोस्टमार्टम कराने से इंकार करने पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
अचानक हुए इस हादसे से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खुशबू सिंह की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
