11 से 17 सितंबर तक होगी प्रदीप मिश्रा की शिव कथा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
ऊंचाहार, रायबरेली। नगर क्षेत्र में आयोजित होने जा रही भव्य शिव कथा के शुभारंभ से पूर्व गुरुवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। चढ़रई टोल प्लाजा के पास आयोजित होने वाली सात दिवसीय शिव कथा के अवसर पर निकाली गई विशाल कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पीले वस्त्र धारण किए महिलाओं और पुरुषों के हाथों में सजे कलश तथा “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।कलश यात्रा में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई और पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया।इस दौरान उस समय श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया जब हेलीकॉप्टर से कलश यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों ने पूरे आयोजन को दिव्य और यादगार बना दिया। श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर भगवान शिव का जयघोष किया और पुष्पवर्षा का स्वागत किया।
यह नजारा देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।भव्य कलश यात्रा में ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडे भी अपने परिवार के साथ शामिल हुए और श्रद्धालुओं के बीच रहकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। उन्होंने आयोजन समिति की तैयारियों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया।
गौरतलब है कि 11 सितंबर से 17 सितंबर तक चढ़रई टोल प्लाजा के समीप विशाल पंडाल में प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण कथा का वाचन किया जाएगा। कथा को लेकर जिले समेत आसपास के जनपदों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शिव कथा के शुभारंभ से पहले निकली इस भव्य कलश यात्रा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले दिनों में ऊंचाहार शिव भक्ति के सबसे बड़े केंद्रों में से एक बनने जा रहा है। पूरे क्षेत्र में कथा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और उत्सुकता देखी जा रही है।
