प्रभात साहू सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने संभाली राहत की कमान, जरूरतमंद परिवारों को वितरित की खाद्य सामग्री व साड़ियां।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली।विकासखंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव कोटवा मदनिया, कैलाशपुर और दरियागंज में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामलाल अकेला ने राहत अभियान चलाकर पीड़ित परिवारों को मदद पहुंचाई। उन्होंने गांव-गांव जाकर बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उन्हें खाद्यान्न सामग्री, साड़ियां तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं।
पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का दायित्व है कि वह जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने भी राहत वितरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को एकजुट होकर पीड़ितों के साथ खड़ा होना चाहिए। प्रभात साहू ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।पत्रकारों से बातचीत में रामलाल अकेला ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल चुनाव तक सीमित नहीं होती, बल्कि कठिन परिस्थितियों में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना भी उनका कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि वह हमेशा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी रहे हैं और आगे भी रहेंगे।
पूर्व विधायक ने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों और राजस्व टीमों की सक्रियता से प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्यों को गति मिली है, जिससे लोगों को काफी राहत मिल रही है।
राहत वितरण कार्यक्रम में प्रभात साहू, रामजी वर्मा, माता शेर सिंह, शंकर भगत सिंह, रामलखन यादव, पूर्व प्रधान अनूप बाजपेई, दिलीप वर्मा, ग्राम प्रधान सत्रोहन लोधी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
