मंदिर परिसर में खड़ी टेंपो से पहिया और एक्सल चोरी, पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली।नगर पंचायत महराजगंज क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में एक ऑटो चालक की टेंपो से पहिया और एक्सल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली महराजगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शांति नगर निवासी राजेश कुमार पुत्र स्वर्गीय रामकुमार ऑटो चालक हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपनी टेंपो को प्रतिदिन जसवन्ती मंदिर के पास खड़ा करते हैं। आरोप है कि 10 सितंबर 2026 की शाम वह अपनी गाड़ी मंदिर परिसर के निकट खड़ी कर घर चले गए थे। अगले दिन जानकारी हुई कि उनकी टेंपो से एक पहिया और दो एक्सल गायब हैं।

पीड़ित का आरोप है कि क्षेत्र के लालचंद निवासी गांधी नगर ने रात के अंधेरे में टेंपो से पहिया और एक्सल चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में भी चर्चा का माहौल बन गया। पीड़ित ने कोतवाली महराजगंज पहुंचकर नामजद तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर खड़े वाहनों से चोरियों के कारण वाहन मालिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

Related posts