घात लगाकर युवक पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक; साजिश रचकर वारदात कराने का आरोप

रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से पीटा, जिला अस्पताल रेफर।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के ग्राम रनगंज मजरे धुलवासा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही कई लोगों पर घात लगाकर हमला करने तथा साजिश रचकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रनगंज निवासी वीरेंद्र बहादुर ने थाना महराजगंज में दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके भाई दशरथ यादव शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में दर्जी पुरवा नहरिया के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दशरथ गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। जहां घायल का इलाज जारी है। परिजनों का कहना है कि घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमले में शामिल लोगों ने जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं घायल दशरथ ने अस्पताल में परिजनों को बताया कि इस घटना के पीछे गांव के ही कुछ लोगों द्वारा साजिश रची गई थी।मामले में पीड़ित परिवार ने थाना महराजगंज पुलिस को नामजद तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts