बछरावां पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया खुलासा, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां, रायबरेली। थाना क्षेत्र के ग्राम खैरहनी में प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने शीघ्र खुलासा करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।जानकारी के अनुसार 12 सितंबर की सुबह ग्राम खैरहनी में रमाकांत पुत्र गणेश प्रसाद निवासी छतैया थाना हरचंदपुर का गांव की महिला सोनी तथा उसके पति सुरेन्द्र के साथ पूर्व प्रेम संबंधों को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद इतना बढ़ गया कि सुरेन्द्र और सोनी ने रमाकांत की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता की तहरीर पर थाना बछरावां में मुकदमा संख्या 319/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस अधीक्षक रायबरेली रवि कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार के नेतृत्व में थाना बछरावां पुलिस ने शनिवार को घटना में शामिल सुरेन्द्र, उसके भाई वीरेन्द्र तथा उसकी पत्नी सोनी को गिरफ्तार कर लिया। विवेचना में मिले तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुरेन्द्र पुत्र स्वर्गीय श्रीराम, वीरेन्द्र पुत्र स्वर्गीय श्रीराम एवं सोनी पत्नी सुरेन्द्र निवासी ग्राम खैरहनी थाना बछरावां शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्याम कुमार पाल, उपनिरीक्षक जीतेश सिंह, हेड कांस्टेबल कुलदीप मिश्रा, कांस्टेबल विजय यादव तथा महिला कांस्टेबल भावना शर्मा शामिल रहीं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
