मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 175 जोड़ों का विवाह सकुशल संपन्न

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली, 18 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकास खंड अमावां स्थित राणा बेनी माधव सिंह मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अदिति सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए 175 जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह सकुशल संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में अमावां के 77, राही के 73 तथा नगर पालिका परिषद रायबरेली के 25 जोड़ों ने भाग लिया। पुरोहितों द्वारा सभी वैवाहिक रस्में पूर्ण कराते हुए नवदंपतियों को सात फेरे दिलाए गए। सदर विधायक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की तथा उपहार स्वरूप वस्त्र, डिनर सेट, ट्रॉली बैग सहित अन्य सामग्री प्रदान की।सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सम्मानजनक विवाह का माध्यम बनी है।

वहीं मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने इसे शासन की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना बताया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, खंड विकास अधिकारी अमावां संदीप सिंह, जिला पंचायत सदस्य राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts